भारतीय टेंट पेगिंग टीम ने 2026 टेंट पेगिंग विश्व कप के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वालीफाई कर देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है।
यह उपलब्धि 29 से 31 जनवरी 2026 तक जॉर्डन की प्रशासनिक राजधानी अकाबा में आयोजित विश्व कप क्वालीफाइंग चैंपियनशिप के दौरान हासिल की गई, जहां भारतीय खिलाड़ियों ने अपने कौशल, साहस और उत्कृष्ट समन्वय का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इन खिलाड़ियों में एएसआई जितेंद्र सिंह (हरियाणा पुलिस) ने टेंट पेगिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश के साथ-साथ हरियाणा पुलिस का नाम भी गर्व से ऊंचा किया है। इस बारे में इंटरनेशनल टेंट पेग्गिंग फेडरेशन द्वारा आधिकारिक पत्र लिखते हुए इसकी पुष्टि की गई है।
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि भारतीय टीम ने विश्व मंच पर देश की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।