नोवाक जोकोविच ने अमेरिकी खिलाड़ी अलेक्जेंडर कोवासेविक के खिलाफ 6-4, 1-6, 6-4 से जीत दर्ज करते हुए इंडियन वेल्स ओपन के चौथे राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली। हालांकि, इस मुकाबले के दौरान पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 नोवाक जोकोविच को कोवासेविक ने कड़ी चुनौती जरूर दी, लेकिन जोकोविच ने दबाव में भी सूझबूझ का परिचय दिया।
नोवाक जोकोविच को इस हफ्ते लगातार दूसरे मैच में जीत के लिए तीन सेट तक संघर्ष करना पड़ा। टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में उन्होंने कामिल माजचर्जाक के खिलाफ भी कड़ा मुकाबला जीतकर अभियान की शुरुआत की थी।
मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट्स में 113वीं बार प्री-क्वार्टरफाइनल में पहुंचकर जोकोविच ने राफेल नडाल को पीछे छोड़ दिया और इस सूची में अकेले शीर्ष पर पहुंच गए। वह साल 2017 के बाद पहली बार इंडियन वेल्स के चौथे दौर में पहुंचे हैं, जहां उनका सामना मौजूदा चैंपियन जैक ड्रेपर से होगा।