हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को महिला अंडर-18 एशिया कप के लिए 18 सदस्यीय टीम का ऐलान किया। यह टूर्नामेंट 29 मई से 6 जून तक जापान के काकामिगाहारा में खेला जाना है। स्वीटी कुजूर के हाथों में टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
भारतीय टीम भोपाल में नेशनल कैंप में कई हफ्तों की तैयारी के बाद टूर्नामेंट में उतर रही है, जहां रानी रामपाल की अगवाई वाले कोचिंग स्टाफ ने कॉम्बिनेशन बनाने, मैच फिटनेस सुधारने और तकनीक को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया। यह टूर्नामेंट स्वीटी कुजूर की कप्तानी वाली युवा भारतीय टीम के लिए एशिया की कुछ सबसे मजबूत टीमों के खिलाफ खुद को परखने का एक मौका होगा। तैयारियों के हिस्से के तौर पर, भारतीय टीम ने भोपाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मुकाबलों की सीरीज खेली, जिसे मेजबान टीम ने आत्मविश्वास बढ़ाने वाली जीत के साथ खत्म किया।
पूल ए में शामिल भारतीय टीम कोरिया, मलेशिया और सिंगापुर के खिलाफ खेलेगी। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 मई को मलेशिया के खिलाफ करेगी, जिसके बाद 31 मई को टीम की अगली भिड़ंत कोरिया से होगी। पूल स्टेज के आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम 2 जून को सिंगापुर से भिड़ेगी। पूल ए और बी की टॉप दो टीमें 5 जून को होने वाले सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 6 जून को खेला जाना है।