4 मुकाबलों की सीरीज खेलने भारतीय महिला हॉकी टीम अर्जेंटीना रवाना, नवनीत सभालेंगी कमान (Image Source: IANS)
भारतीय महिला हॉकी टीम गुरुवार शाम कर्नाटक स्थित केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अर्जेंटीना के लिए रवाना हो गई। भारतीय टीम 13 से 17 अप्रैल तक ब्यूनस आयर्स में अर्जेंटीना के खिलाफ चार मुकाबलों की सीरीज खेलेगी।
इस दौरे पर टीम को अपनी नियमित कप्तान सलीमा टेटे की कमी खलेगी, जो बीमारी के कारण टीम के साथ नहीं जा सकीं। उनकी गैरमौजूदगी में, अनुभवी फॉरवर्ड नवनीत कौर को इस दौरे के लिए स्टैंड-इन कप्तान बनाया गया है।
अर्जेंटीना सीरीज भारत के आगामी व्यस्त अंतरराष्ट्रीय सीजन की तैयारियों का एक अहम हिस्सा है। इस सीजन में एफआईएच विमेंस हॉकी विश्व कप और एशियन गेम्स जैसे बड़े टूर्नामेंट शामिल हैं। उम्मीद है कि ये मैच टीम को बहुमूल्य अनुभव देंगे और एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ अपनी रणनीतियों और तालमेल को परखने में मदद करेंगे।