सलीमा टेटे की कप्तानी में भारतीय महिला हॉकी टीम गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के अपने महत्वपूर्ण दौरे के लिए रवाना हो गई, जहां टीम को 26, 27, 29 और 30 मई को पर्थ हॉकी स्टेडियम में मेजबान टीम के खिलाफ चार मैच खेलने हैं।
इस दौरे में कई कड़े मैच होंगे, जिससे भारतीय महिला हॉकी टीम को दुनिया की सबसे अच्छी टीमों में से एक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खुद को परखने का मौका मिलेगा। ऑस्ट्रेलिया दौरा खत्म होने के बाद, टीम 15 से 21 जून तक होने वाले एफआईएच हॉकी नेशंस कप 2026 के लिए न्यूजीलैंड जाएगी। कप्तान सलीमा ने दौरे पर रवाना होने से पहले टीम पर भरोसा जताया और कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आने वाले मुकाबले काफी अहम साबित होंगे।
हॉकी इंडिया की तरफ से जारी एक बयान में सलीमा ने कहा, "पूरी टीम इस दौरे का बेसब्री से इंतजार कर रही है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना, खासकर उनके होम ग्राउंड पर हमेशा एक मुश्किल चैलेंज होता है, और इस साल के आखिर में होने वाले जरूरी इंटरनेशनल टूर्नामेंट्स को देखते हुए हमें अपनी तैयारियों के इस स्टेज पर ठीक इसी तरह के चैलेंज की जरूरत है।"