भारत के बेहतरीन क्यू स्पोर्ट्स खिलाड़ी अगले महीने अहमदाबाद में अपनी प्रतिभा दिखाते नजर आएंगे। पहली बार कॉमनवेल्थ क्यू स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आयोजन भारत में होने जा रहा है, जिसके दूसरे संस्करण के लिए 18 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है।
यह चैंपियनशिप 7 से 10 अक्टूबर तक वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगी, जिसमें इंग्लिश बिलियर्ड्स, स्नूकर, 10-बॉल पूल, हेबॉल और ब्लैकबॉल जैसे लगभग 46 कॉमनवेल्थ देशों के क्यू खिलाड़ी एक साथ आएंगे। एपेक्स स्पोर्ट्स प्रमोशन के आयोजन और बिलियर्ड्स एंड स्नूकर फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएसएफआई) की मेजबानी में होने वाली यह चैंपियनशिप भारतीय क्यू स्पोर्ट्स के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। वर्ल्ड कन्फेडरेशन ऑफ बिलियर्ड्स स्पोर्ट्स (डब्ल्यूसीबीएस) और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के समर्थन से आयोजित यह टूर्नामेंट बीएसएफआई के 100 साल पूरे होने के समारोह का भी प्रमुख आकर्षण होगा।
2025 में मॉरिशस में पहले संस्करण में पांच मेडल जीतने के बाद भारत कॉन्फिडेंस के साथ चैंपियनशिप में उतरेगा, जिसमें विमेंस हेबॉल में विद्या पिल्लई का गोल्ड और मेंस हेबॉल में शिवम अरोड़ा और विमेंस 10-बॉल पूल में चित्रा मगिमाइराज के सिल्वर मेडल शामिल हैं। तीनों मेडलिस्ट को इस साल की चैंपियनशिप में डायरेक्ट एंट्री मिली है और वे अपने देश में अपने मेडल टैली में और बढ़ोतरी करने के सपने के साथ लौटेंगे।