एशियन गेम्स 2026 में दमदार प्रदर्शन करके लौटे भारतीय दल ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में मुलाकात की। इस मौके पर केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने भारतीय दल की सफलता का श्रेय पीएम मोदी को दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में खेल के इकोसिस्टम में काफी बदलाव आया है, इसके साथ ही चयन प्रकिया में आई पारदर्शिता के कारण युवा खिलाड़ियों को प्राप्त अवसर मिल रहे हैं।
मनसुख मांडविया ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों से मुलाकात करने के लिए पीएम मोदी का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, "पिछले 12 वर्षों में आपने खेलों को सिर्फ एक सेक्टर के रूप में नहीं, बल्कि एक नेशनल मूवमेंट के रूप में स्थापित किया है। पिछले कुछ वर्षों में खेलों को लेकर आपने सोच बदली है, इकोसिस्टम में बदलाव आया है, अवसर बढ़े हैं और सबसे महत्वपूर्ण भारतीय युवा खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है। यह सब आपकी दूरदर्शी सोच और दृढ़ संकल्प की वजह से हुआ है।"
खेल मंत्री ने पीएम मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने खेलों को 360 डिग्री ट्रांसफॉर्मेशन में हमेशा प्राथमिकता में रखा है। प्रधानमंत्री की देखरेख में शुरू की गई नई पहलों का जिक्र करते हुए मनसुख मांडविया ने कहा, "आपके नेतृत्व में फिट इंडिया मूवमेंट, खेलो इंडिया नीति आई, राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम आया। इससे खेलों में एक वाइब्रेट इकोसिस्टम विकसित हुआ। इसी का परिणाम है कि आज सरकार, नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन एक साथ मिलकर स्पोर्ट्स के लिए कदम से कदम मिलाकर काम कर रहे हैं। अभी कुछ दिनों पहले ही आपने अगले 5 वर्षों के लिए 36 हजार करोड़ की खेलो इंडिया स्कीम को मंजूरी दी है। यह दिखाता है कि आपके नेतृत्व में स्पोर्ट्स विकसित भारत का एक मुख्य स्तंभ बन गया है।"