पीवी सिंधु और आयुष शेट्टी को अपने-अपने प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा, जिसके साथ इंडोनेशिया ओपन की सिंगल्स कैटेगरी में भारत की चुनौती समाप्त हो गई। हालांकि, मेंस डबल्स जोड़ी हरिहरन अमसकारुनन और रुबन कुमार रेथिनासबपति अर्जुन ने एक कड़े मुकाबले में जीत हासिल करते हुए भारत की उम्मीदों को बरकरार रखा है।
गुरुवार को विमेंस सिंगल्स में सिंधु का अभियान वर्ल्ड नंबर 1 एन से यंग के हाथों खत्म हो गया। एन से यंग ने 'राउंड ऑफ 16' में भारतीय स्टार को 21-17, 21-15 से हराकर अपना दबदबा बनाए रखा।
दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट सिंधु ने शुरुआती गेम में काफी समय तक साउथ कोरियन खिलाड़ी को कड़ी टक्कर देते हुए अपने आक्रामक खेल की झलक दिखाई। हालांकि, अहम मुकाबलों पर अपने खेल का स्तर ऊपर उठाने की एन की काबिलियत एक बार फिर निर्णायक साबित हुई। पहले गेम के आखिर में बढ़त बनाने के बाद, टॉप सीड खिलाड़ी ने दूसरे गेम में अपनी निरंतरता और कोर्ट कवरेज के बूते मैच पर पूरी तरह से नियंत्रण बनाए रखते हुए क्वार्टर-फाइनल में जगह बना ली।