भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और भारत के हालिया कॉमनवेल्थ गेम्स (सीडब्ल्यूजी) अभियान, आने वाले एशियाई खेलों की तैयारियों और ओलंपिक 2036 खेलों की मेजबानी को लेकर चर्चा की।
पूर्व ट्रैक और फील्ड एथलीट ने कहा कि बैठक में ग्लासगो में आयोजित हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के प्रदर्शन और जापान में होने वाले एशियाई खेलों के रोडमैप पर चर्चा हुई। इसके साथ ही ओलंपिक 2036 के लिए भारत की दावेदारी को मजबूत करने के प्रति आईओए की प्रतिबद्धता को दोहराया गया।
पीटी उषा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ एक अच्छी बैठक हुई। उन्हें कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की सफलता और जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए हमारी तैयारियों के बारे में जानकारी दी। मैंने यह भी दोहराया कि ओलंपिक 2036 खेलों की मेजबानी के लिए भारत की दावेदारी को मजबूत करने की हमारी कोशिश में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और अटूट समर्थन से भारत तेजी से एक ग्लोबल स्पोर्टिंग पावरहाउस के रूप में उभर रहा है।"