East Bengal FC Wins ISL: ईस्ट बंगाल के लिए 22 साल का लंबा इंतजार गुरुवार को खत्म हो गया। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 में ईस्ट बंगाल ने कोलकाता के किशोर भारती क्रीड़ांगन में इंटर काशी को 2-1 से हराते हुए खिताब को अपने नाम किया। इससे पहले, टीम ने अपना आखिरी बड़ा खिताब साल 2004 में जीता था।
मैच की जब आखिरी सीटी बजी, तो पूरा स्टेडियम भावुक हो गया। खिलाड़ी जमीन पर गिर पड़े, फैंस हैरानी में एक-दूसरे से गले मिले और भरे हुए एरीना में “ईस्ट बंगाल, ईस्ट बंगाल” के नारे गूंजने लगे। मोहम्मद राशिद 72वें मिनट में अहम गोल करके हीरो बने। इससे पहले, यूसुफ एज्जारी ने दूसरे हाफ की शुरुआत में गोल कर ईस्ट बंगाल की मैच में वापसी कराई और स्कोर 1-1 से बराबर किया। मैच का पहला गोल अल्फ्रेड प्लानास ने 14वें मिनट में दागकर इंटर काशी को 1-0 की बढ़त दिलाई।
इस जीत से ईस्ट बंगाल 13 मैचों में 26 प्वाइंट्स के साथ आईएसएल टेबल में टॉप पर रहा। मोहन बागान सुपर जायंट ने स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के खिलाफ अपना आखिरी मैच भी 2-1 के स्कोर से जीता और प्वाइंट्स में बराबरी पर रहा, लेकिन ईस्ट बंगाल के पांच गोल के बेहतर अंतर ने आखिरकार क्लब का नेशनल लीग टाइटल का लंबा इंतजार खत्म कर दिया।