एससी दिल्ली शुक्रवार को इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 में ओडिशा एफसी के खिलाफ अहम मुकाबला खेलने उतरेगी। यह मैच नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें इस समय अंक तालिका में निचले पायदान पर हैं और इस मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करना चाहेंगी।
एससी दिल्ली के पास इस सीजन में अपने घरेलू मैदान पर अब तक हार न मानने का रिकॉर्ड है और टीम उसे कायम रखना चाहेगी। दिल्ली ने अब तक घर में चार मैच खेले हैं, जिसमें से एक में जीत दर्ज की है, तो तीन मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। हालांकि, टीम को मैच जीतने के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली इस समय 10 अंकों के साथ 10वें स्थान पर है, जबकि ओडिशा एफसी 7 अंकों के साथ रेलीगेशन जोन से थोड़ा ऊपर है। दोनों टीमों का प्रदर्शन इस सीजन में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। दिल्ली ने 10 में से सिर्फ एक मैच जीता है, जबकि ओडिशा पिछले छह मैचों से जीत हासिल नहीं कर सकी है।