इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 में शनिवार को बेंगलुरु एफसी और मुंबई सिटी एफसी के बीच खेला गया मुकाबला गोलरहित ड्रॉ रहा। दोनों ही टीमों ने मौके तो कई बनाए, लेकिन गोल करने में किसी भी टीम को सफलता नहीं मिल सकी।
यह बेंगलुरु एफसी का घरेलू मैदान पर इस सीजन का आखिरी मुकाबला था। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। पहले 20 मिनट में मुंबई सिटी एफसी ने गोल करने के अच्छे मौके बनाए। टीम के खिलाड़ी वालपुइया को एक शानदार क्रॉस मिला, लेकिन बेंगलुरु के गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू ने बेहतरीन बचाव किया।
पहले हाफ के अंत में बेंगलुरु एफसी भी गोल करने के काफी करीब पहुंचा। रयान विलियम्स ने आशिक के क्रॉस पर अच्छा प्रयास किया, लेकिन उनका शॉट लक्ष्य से थोड़ा बाहर चला गया। इसके बाद दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन पहले हाफ में कोई गोल नहीं हो सका।