इंडियन सुपर लीग 2025-26 में गुरुवार को कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में एक बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया, जहां ईस्ट बंगाल एफसी और बेंगलुरु एफसी के बीच मुकबाला 3-3 की बराबरी पर खत्म हुआ। यह मैच पूरे समय उतार-चढ़ाव से भरा रहा और आखिरी मिनट तक रोमांच अपने चरम पर रहा।
मैच की शुरुआत बेंगलुरु एफसी ने शानदार अंदाज में की। 12वें मिनट में आशिक कुरुनियन ने बेहतरीन सोलो रन के बाद जोरदार शॉट लगाकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, ईस्ट बंगाल ने जल्दी ही वापसी की। 21वें मिनट में अनवर अली ने कॉर्नर पर शानदार बैक वॉली लगाकर स्कोर 1-1 कर दिया।
कुछ ही मिनटों बाद मैच ने एक नाटकीय मोड़ ले लिया। आशिक के साथ हुई झड़प के बाद 24वें मिनट में मिगुएल फरेरा को सीधा रेड कार्ड मिलने से ईस्ट बंगाल के पास सिर्फ 10 खिलाड़ी रह गए। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब फरेरा मैदान से बाहर निकलते समय बेंगलुरु के बेंच की ओर गेंद को लात मारते हुए गए।