इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2026 में रविवार को चेन्नईयिन एफसी ने एफसी गोवा को 1-1 से ड्रॉ पर रोका। इस सीजन के अपने पहले घरेलू मैच में ड्रॉ के साथ चेन्नईयिन एफसी ने एक अहम प्वाइंट हासिल किया। चेन्नईयिन एफसी अब 7 अप्रैल को आईएसएल में पहली बार खेल रही टीम इंटर काशी के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
हेड कोच क्लिफोर्ड रेयेस मिरांडा ने चोटिल मोहम्मद अली बेमम्मर की जगह एडुआर्डो काऊ को इस सीजन में पहली बार स्टार्टिंग इलेवन में मौका दिया, जबकि महेसन सिंह और डैनियल चिमा चुकवु को भी टीम में मौका दिया गया। मरीना माचन्स को मैच की शुरुआत में ही सतर्क रहना पड़ा। गोलकीपर मोहम्मद नवाज ने आठवें मिनट में एक शानदार बचाव किया, जिसके बाद लालडिनलियाना रेंथलेई ने मजबूत डिफेंस करते हुए खतरे को टाल दिया।
चेन्नईयिन एफसी जल्द ही लय में आ गई और विरोधी टीम पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। 11वें मिनट में एक बेहतरीन मूव देखने को मिला, जब इमरान खान ने चिमा को गेंद पास की। चिमा ने अपनी फुर्ती से गेंद महेसन के लिए सेट की, लेकिन महेसन का पहला ही शॉट गोलपोस्ट के बाहरी हिस्से से टकराकर बाहर चला गया। इसके बाद फारुख चौधरी ने दूर से एक घुमावदार शॉट लगाकर गोलकीपर की परीक्षा ली, जिससे चेन्नईयिन का खेल में दबदबा बढ़ता गया।