इंडियन सुपर लीग 2026/27 के सातवें मुकाबले में मोहन बागान सुपर जाइंट ने स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली (एससी दिल्ली) को 2-1 से मात दी। शुक्रवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के पहले हाफ में लालरिनलियाना हनामते ने मेजबान टीम को बढ़त दिलाई थी, लेकिन ब्रेक के बाद ली इरविन और मिगुएल फिगुएरा ने चार मिनट के भीतर गोल करके 'मैरिनर्स' (मोहन बागान) की शानदार वापसी कराई।
'फीनिक्स' (एससी दिल्ली) ने अच्छी शुरुआत की; चौथे मिनट में जुआन पेना ने दूर से शॉट लगाकर बागान के गोलकीपर विशाल कैथ की परीक्षा ली। एससी दिल्ली ने दबाव बनाए रखा और आठवें मिनट में एक कॉर्नर के बाद लामगौलेन हंगशिंग का शॉट क्रॉसबार के ऊपर से निकल गया।
इसके जवाब में 'मैरिनर्स' की ओर से ली इरविन ने बॉक्स के बाहर से शॉट लिया, जो लक्ष्य से चूक गया। राहुल भेके ने लालियानजुआला छांगटे के क्रॉस पर गोल करने की कोशिश की, लेकिन एससी दिल्ली की गोलकीपर नोरा फर्नांडीस ने शानदार बचाव करते हुए स्कोर बराबर रखा।