ओडिशा एफसी इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 के अपने पहले मुकाबले में मंगलवार को भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में इंटर काशी एफसी की मेजबानी करेगा। 16 फरवरी को पंजाब एफसी के खिलाफ निर्धारित मैच के स्थगित होने के बाद यह ओडिशा एफसी का इस सीजन में पहला घरेलू मुकाबला होगा।
उधर, इंटर काशी एफसी ने पिछले सप्ताह अपने लीग डेब्यू में एआईएफएफ सुपर कप चैंपियन एफसी गोवा के खिलाफ़ 1-1 से ड्रॉ हासिल कर शानदार जुझारूपन दिखाया था। अब वे उसी आत्मविश्वास को बरकरार रखते हुए अपनी प्रभावशाली शुरुआत को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे।
सीजन के अपने पहले मैच से पूर्व ओडिशा एफसी के हेड कोच टीजी पुरुषोत्तमन ने कहा, "हम नतीजों पर फोकस नहीं कर रहे हैं। हम परफॉर्मेंस पर फोकस कर रहे हैं। नतीजे अपने आप आ जाएंगे। हम अपनी ताकत पर टिके रहेंगे और उनकी कमजोरियों का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। हम चुनौतियों का सामना करेंगे, चाहे वे कैसी भी हों।"