इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025–26 में शनिवार को पंजाब एफसी ने ओडिशा एफसी पर 3-2 की रोमांचक जीत दर्ज करते हुए अपनी खिताबी उम्मीदों को जिंदा रखा। पंजाब एफसी की तरफ से मंगलेंथांग किपगेन, बेडे ओसुजी और दानी रामिरेज ने एक-एक गोल दागे। ओडिशा एफसी की ओर से सुहैर वीपी और कार्तिक हंतल ने गोल किए।
इस जीत के साथ, पानागियोटिस दिलम्पेरिस की टीम 12 मैचों में 22 अंकों के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है। उनके अंक ईस्ट बंगाल एफसी और मोहन बागान सुपर जायंट के बराबर हैं, जिनसे उनका मुकाबला रविवार को 'कोलकाता डर्बी' में होगा। वहीं, ओडिशा एफसी 12 मुकाबलों में 10 अंकों के साथ 12वें स्थान पर बनी हुई है। आक्रमण में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए बेडे ओसुजी को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
शनिवार को मार्गाओ के पीजेएन स्टेडियम में 8वें मिनट में 'शेर' (पंजाब एफसी) मैच का पहला गोल करने के बेहद करीब पहुंच गए थे। नसुंगुसी जूनियर ने एक कॉर्नर किक पर सबसे ऊंची छलांग लगाकर हेडर लगाया, लेकिन गेंद गोलपोस्ट के पास वाले खंभे से टकराकर वापस आ गई। मैच की गति पर नियंत्रण रखने के बावजूद, पंजाब को ओडिशा की मजबूत रक्षापंक्ति को भेदने में मुश्किल हो रही थी, जिसकी कमान डिफेंसिव मिडफील्डर एडविन वैनस्पॉल और लालथाथांगा खौलहरिंग ने संभाल रखी थी।