इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 के मैच में शुक्रवार को जमशेदपुर एफसी ने एफसी गोवा के खिलाफ 2-0 से अहम जीत हासिल की। पहले हाफ में जमशेदपुर का दबदबा रहा, लेकिन कोई गोल नहीं हुआ। 82वें मिनट में मोहम्मद सनन ने गोल करके मैच का गतिरोध तोड़ा, और फिर स्टॉपेज टाइम के आखिरी पलों में मदीह तलाल ने एक और गोल करके जीत पक्की कर दी।
जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इस जीत के साथ 'रेड माइनर्स' 11 मुकाबलों में 21 प्वाइंट्स लेकर प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गए, जबकि एफसी गोवा 19 प्वाइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गया। मिडफील्ड में शानदार प्रदर्शन और मैच के आखिरी पलों में निर्णायक गोल करने के लिए तलाल को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
जमशेदपुर एफसी के हेड कोच ओवेन कोयल ने चेन्नईयिन एफसी के खिलाफ 4-1 से मिली जीत वाली टीम में कोई बदलाव नहीं किया और उसी टीम को मैदान में उतारा। वहीं, एफसी गोवा के हेड कोच मनोलो मार्केज को एक मजबूरी में बदलाव करना पड़ा, उन्होंने चोटिल देजान द्राजिच की जगह मिडफील्डर मोहम्मद यासिर को टीम में शामिल किया।