प्राची गायकवाड़ ने गुरुवार को मिस्र के काहिरा में चल रहे इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) जूनियर वर्ल्ड कप राइफल/पिस्टल/शॉटगन में जूनियर महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन (3पी) इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने फाइनल में 354.6 का स्कोर किया और व्यक्तिगत तटस्थ एथलीट (एआईएन) डारिया चुप्रीस को हराया, जिन्होंने 354.4 का स्कोर किया।
एक और एआईएन शूटर, एलेना क्रेटिनिना ने 343.3 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता, और 35-शॉट के फाइनल से 34वें शॉट के बाद बाहर हो गईं। नारायण प्रणव ने भी जूनियर पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में फाइनल में 229.5 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया।
मंगलवार (21 अप्रैल) को प्रतियोगिता के पहले दिन शिवा नरवाल ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में जीत हासिल की थी; उसके बाद यह भारत का दूसरा गोल्ड है। दो गोल्ड, चार सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज मेडल के साथ भारत एक बार फिर मेडल टैली में टॉप पर पहुंच गया है।