आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड कप राइफल/पिस्टल/शॉटगन के पहले दिन मंगलवार को पूर्व मिक्स्ड टीम वर्ल्ड चैंपियन शिवा नरवाल ने काहिरा में मिस्र इंटरनेशनल ओलंपिक सिटी में 10 मीटर एयर पिस्टल मेंस के जूनियर इवेंट में गोल्ड मेडल पर निशाना साधा। चिराग शर्मा ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर नरवाल के साथ पोडियम पर जगह बनाई, जबकि पनाह भुगरा ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
नरवाल ने क्वालिफिकेशन से मिली अपनी लय को जारी रखते हुए 241.8 के स्कोर के साथ गोल्ड पर निशाना साधा, उन्होंने उज्बेकिस्तान के सोदिकजोन अब्दुल्लायेव को 1.8 अंकों से पछाड़ा, जिन्होंने सिल्वर जीता। भारत के चिराग शर्मा ने 218.9 के स्कोर के साथ पोडियम पर अपनी जगह सुनिश्चित की, जबकि फाइनल में शामिल दूसरे भारतीय अभिनव देशवाल 136.7 के स्कोर के साथ 7वें स्थान पर रहे।
इससे पहले क्वालिफिकेशन राउंड में, शिवा 576-19x के स्कोर के साथ पहले स्थान पर रहे, उनके बाद अभिनव 576-16x के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर और चिराग 575-13x के स्कोर के साथ चौथा स्थान अपने नाम किया। अभिनव चौधरी (570-14x), हिमांशु राणा (568-12x) और अभय धामा (567-17x) फाइनल में जगह बनाने से चूक गए।