आईएसएसएफ शॉटगन वर्ल्ड कप 2026 में शनिवार को इटली के लोनाटो में महिलाओं के ट्रैप इवेंट में नीरू ढांडा ने भारत को गोल्ड जिताया। वह वर्ल्ड कप में ट्रैप स्पर्धा का गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। इस उपलब्धि पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भारतीय निशानेबाज को बधाई दी है।
मनसुख मांडविया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भारतीय शूटिंग के लिए गर्व का पल। इटली के लोनाटो में आईएसएसएफ वर्ल्ड कप शॉटगन में महिलाओं के ट्रैप इवेंट में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीतने पर नीरू को बधाई। वर्ल्ड कप गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला ट्रैप शूटर के तौर पर उन्होंने इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है।"
यह आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में नीरू का पहला व्यक्तिगत मेडल था और उनके करियर का कुल मिलाकर दूसरा मेडल था। इससे पहले नीरू ने अल्माटी लेग में विवान कुमार के साथ मिक्स्ड ट्रैप में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था।