इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट्स फेडरेशन (आईएसएसएफ) वर्ल्ड कप शॉटगन के दूसरे दिन, भारतीय स्कीट निशानेबाज पुरुष और महिला दोनों ही इवेंट्स के फाइनल में जगह बनाने से चूक गए। भारतीय खिलाड़ियों में ओलंपियन मिराज अहमद खान और रायजा ढिल्लों का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा।
कजाकिस्तान स्थित अल्माटी में असानोव शूटिंग क्लब में जारी प्रतियोगिता में मिराज, जिन्होंने सोमवार को 75 में से 71 का स्कोर करके दूसरे दिन की शुरुआत 26वें स्थान पर की थी, उन्होंने आखिरी दो सीरीज में 23 और 25 का स्कोर किया। इसके साथ मिराज ने क्वालिफिकेशन राउंड कुल 119 अंकों के साथ 18वें स्थान पर समाप्त किया। रैंकिंग प्वाइंट्स के लिए खेल रहे भवतेग सिंह गिल दूसरे सबसे बेहतरीन खिलाड़ी रहे, जिन्होंने कुल 119 (24, 24, 23, 24, 24) का स्कोर किया और मिराज से एक स्थान नीचे 19वें स्थान पर रहे।
ओलंपियन अनंतजीत सिंह नरूका ने चौथी सीरीज की शुरुआत पूरे 25 अंकों के साथ की और उसके बाद 23 अंकों की एक और सीरीज खेली। इस तरह उन्होंने इस सीजन का अपना पहला वर्ल्ड कप कुल 117 अंकों के साथ 38वें स्थान पर समाप्त किया।