सोनम उत्तम मस्कर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल फाइनल में संघर्ष करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया। इसके साथ ही भारत ने स्पेन के ग्रेनाडा में अपना इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) वर्ल्ड कप राइफल/पिस्टल अभियान एक गोल्ड मेडल के साथ समाप्त किया।
सोनम ने 24-शॉट के फाइनल में 18वें शॉट के बाद 188.5 का स्कोर बनाकर प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। उस समय वह अपने सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वियों से 0.8 अंक पीछे थीं। इन प्रतिद्वंद्वियों में दुनिया की नंबर एक और अंततः गोल्ड मेडल जीतने वाली चीन की वांग जिफेई भी शामिल थीं, जिन्होंने 252.9 अंकों के साथ फाइनल समाप्त किया। महिलाओं की 3पी वर्ल्ड चैंपियन नॉर्वे की जेनेट हेग ड्यूस्टैड ने 252.4 अंकों के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि पूर्व एयर राइफल वर्ल्ड चैंपियन चीन की हान जियायू ने 231.5 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
भारत ने इस साल के पहले वर्ल्ड कप चरण में मुख्य रूप से घरेलू रैंकिंग में 4 से 6 के बीच रैंक वाले निशानेबाजों को मैदान में उतारा था। भारत के सात निशानेबाज फाइनल तक पहुंचे, लेकिन प्रतियोगिता के पहले दिन केवल 10 मीटर एयर पिस्टल जोड़ी मुकेश नेलावल्ली और पलक ही गोल्ड मेडल जीत पाए। भारत पदक तालिका में तीसरे स्थान पर रहा, जबकि चीन आठ गोल्ड और कुल 13 पदकों के साथ शीर्ष पर रहा।