हॉकी इंडिया द्वारा शुक्रवार को नई दिल्ली में 8वें सालाना सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पिछले साल शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आईएएनएस से बात करते हुए हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने कहा, "हमारा फर्ज है कि पूरे साल शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करें। इससे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ता है और वे बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित होते हैं।"
हॉकी टीम के सामने विश्व कप और एशियन गेम्स के रूप में दो बड़े इवेंट हैं। इन दोनों टूर्नामेंटों में भारतीय टीम के प्रदर्शन को लेकर दिलीप तिर्की ने कहा कि दोनों टूर्नामेंट अहम हैं, लेकिन इनके बीच अंतर काफी कम है। हमें दोनों टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करना है। इस विषय पर हम चयनकर्ताओं और कोच के संपर्क में हैं। अगर जरूरत हुई तो हम दोनों टूर्नामेंट में अलग-अलग टीम भेजने पर भी विचार कर सकते हैं।