भारत की बिली जीन किंग कप एशिया/ओशिनिया ग्रुप आई में उम्मीदों को बड़ा झटका लगा, जब टीम को अपने दूसरे मुकाबले में इंडोनेशिया के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला दिल्ली स्थित डीएलटीए कॉम्प्लेक्स में खेला गया, जहां टीम कई मौकों के बावजूद मैच अपने नाम नहीं कर सकी।
मुख्य कोच विशाल उप्पल ने इस हार को 'मौके गंवाने का दिन' का दिन करार देते हुए कहा कि टीम ने कई अहम पलों को भुनाने में चूक की, जिसकी कीमत उन्हें पूरे मुकाबले में चुकानी पड़ी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मैच से पहले हुए अंतिम समय के शेड्यूल बदलाव—जिसमें मंगोलिया की जगह इंडोनेशिया से खेलना पड़ा—का टीम की तैयारी पर कोई खास असर नहीं पड़ा।
उप्पल ने कहा कि टीम को पहले एकल मैच में बढ़त लेने के कई अवसर मिले थे, लेकिन वे उन्हें भुना नहीं सके। पहले मैच में भारत की खिलाड़ी वैष्णवी अदकर ने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन वे तीन सेटों के रोमांचक मुकाबले में हार गईं। यह मैच 7-6(3), 6-7(3), 6-3 के अंतर से इंडोनेशिया की प्रिस्का मैडलिन नुग्रोहो के नाम रहा।