कोको गॉफ ने इटैलियन ओपन 2026 के राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली है। 22 वर्षीय अमेरिकन खिलाड़ी ने शनिवार को अर्जेंटीना की सोलाना सिएरा के खिलाफ धीमी शुरुआत और तीसरे सेट में मिली कड़ी चुनौती से उबरते हुए 5-7, 6-0, 6-4 से जीत हासिल की।
फोरम इटालिको के क्ले कोर्ट पर 2 घंटे 10 मिनट तक चले मुकाबले में तीसरी वरीयता प्राप्त कोको को वर्ल्ड नंबर 72 सिएरा ने तीसरे दौर के एक तनावपूर्ण मुकाबले में कड़ी टक्कर दी। पहला सेट गंवाने के बाद, गॉफ ने दूसरे सेट में सिएरा को एक भी गेम जीतने नहीं दिया। इसके बाद निर्णायक सेट में भी कोको ने शानदार वापसी करते हुए रोम में अपने अभियान को जीवित रखा।
गॉफ ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले सेट में 2-0 की बढ़त बना ली थी, लेकिन इसके बाद सिएरा ने जोरदार पलटवार किया। अर्जेंटीना की खिलाड़ी ने 11वें गेम में एक अहम 'ब्रेक' हासिल किया और फिर अपनी सर्विस बचाते हुए पहला सेट 7-5 से अपने नाम कर लिया। गॉफ अपने इस प्रदर्शन से नाखुश थीं, यही वजह रही कि उन्होंने सेट गंवाने के बाद रैकेट से अपने सिर पर हल्के से टैप किया।