इटैलियन ओपन में शनिवार को चेक गणराज्य के खिलाड़ी टॉमस माचाक ने बीमारी के कारण टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया। इसी के साथ रूसी खिलाड़ी डेनियल मेदवेदेव को अपने अभियान में शुरुआती बढ़त मिल गई। रोम में दिन का खेल शुरू होने से पहले एटीपी ने बताया कि इस वापसी के कारण, पूर्व चैंपियन मेदवेदेव को तीसरे दौर में सीधे वॉकओवर मिल गया।
वर्ल्ड नंबर-53 माचाक का मुकाबला फोरम इटालिको में मेदवेदेव से होना था। यह दूसरे दौर के मुख्य मुकाबलों में से एक था, लेकिन इस मुकाबले में मेदवेदेव को वॉकओवर मिल गया। साल 2023 के रोम चैंपियन मेदवेदेव अब सीधे अगले दौर में पहुंच गए हैं, जहां उनका मुकाबला फ्रांस के कोरेंटिन माउटेट और स्पेन के पाब्लो ल्लामास रुइज के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।
मेदवेदेव के लिए, यह वॉकओवर ऐसे समय में आया है, जब क्ले-कोर्ट सीजन में उनका प्रदर्शन काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 को हालिया हफ्तों में इस सतह पर अपनी लय पाने में काफी संघर्ष करना पड़ा है। मोंटे-कार्लो मास्टर्स में माटेओ बेरेटिनी के हाथों एकतरफा हार के बाद उन्हें पहले ही दौर में बाहर होना पड़ा था।