आईटीटीएफ वर्ल्ड टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 में ओलंपियन मनिका बत्रा, साथियान ज्ञानशेखरन, मानव ठक्कर और हरमीत देसाई 10-सदस्यीय भारतीय टीम की अगुवाई करेंगे। यह चैंपियनशिप मंगलवार से लंदन के ओवीओ एरिना वेम्बली में शुरू होगी।
भारतीय पुरुष टीम की अगुवाई वर्ल्ड नंबर-38 मानव ठक्कर कर रहे हैं। इस टीम को स्टेज 1बी के ग्रुप 7 में स्लोवाकिया, ट्यूनीशिया और ग्वाटेमाला के साथ रखा गया है। वहीं, वर्ल्ड नंबर-49 मनिका बत्रा के नेतृत्व में भारतीय महिला टीम ग्रुप 6 में यूक्रेन, युगांडा और रवांडा के साथ मुकाबला करेगी।
इस चैंपियनशिप में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं होंगी—स्वैथलिंग कप और कॉर्बिलन कप। प्रत्येक मुकाबले में ज्यादा से ज्यादा पांच सिंगल्स मैच होंगे। किसी मुकाबले को जीतने और अगले दौर में पहुंचने के लिए टीमों को तीन जीत हासिल करनी होंगी।