जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को श्रीनगर के गिंडुन राजबाग स्थित शेर-ए-कश्मीर मल्टी स्पोर्ट्स एक्टिविटी सेंटर (एसकेएमएसएसी) में 30.35 करोड़ रुपये के स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर पैकेज का उद्घाटन किया। इससे केंद्र शासित प्रदेश में तैराकी और जिम्नास्टिक की सुविधाओं का काफी विस्तार हुआ है।
नई सुविधाओं में 50 मीटर × 25 मीटर का 10-लेन वाला ओलंपिक-साइज का स्विमिंग पूल, हर मौसम में इस्तेमाल होने वाला हीटेड ट्रेनिंग और टॉडलर स्विमिंग पूल और अत्याधुनिक उपकरणों से लैस एक आधुनिक इनडोर जिम्नास्टिक हॉल शामिल है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नई सुविधाओं से युवाओं को पारंपरिक खेलों के अलावा अन्य खेलों को अपनाने के अवसर मिलेंगे और वे साल भर ट्रेनिंग कर सकेंगे। उन्होंने कहा, "इस सुविधा के जरिए हम छात्रों को खेलों का एक नया माहौल देने की कोशिश कर रहे हैं। उदाहरण के लिए, कश्मीर में पहली बार ओलंपिक-साइज का स्विमिंग पूल बना है। अब इसमें हीटिंग की व्यवस्था भी है, जो सोलर एनर्जी से चलेगी, ताकि बच्चे साल के 12 महीने यहां प्रैक्टिस और ट्रेनिंग कर सकें।"