जापान ओपन: चोट के कारण सेमीफाइनल मैच से हटीं चैन युफेई, पीवी सिंधु को मिला फाइनल का टिकट (Image Source: IANS)
पीवी सिंधु शनिवार को जापान ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स फाइनल में पहुंच गई हैं। चीन की दुनिया की नंबर 4 खिलाड़ी चैन युफेई सेमीफाइनल के बीच में ही चोट के कारण हट गईं, जिसके बाद भारतीय स्टार खिलाड़ी को इस सीजन के पहले फाइनल का टिकट मिल गया।
सिंधु मैच में पूरी तरह हावी नजर आईं और वह 21-19, 15-10 से आगे चल रही थीं, तभी पूर्व ओलंपिक चैंपियन चैन को हैमस्ट्रिंग की संभावित चोट के कारण हटना पड़ा।
इससे पहले भारतीय खिलाड़ी ने मजबूत शुरुआत की और अपने आक्रामक खेल और तेज मूवमेंट से पहले गेम के बीच में चार अंकों की बढ़त बना ली। चैन ने वापसी करते हुए स्कोर 19-19 से बराबर किया, लेकिन सिंधु ने आखिरी पलों में संयम बनाए रखा और अपने पहले गेम प्वाइंट को भुनाते हुए पहला गेम 21-19 से जीत लिया।