पीवी सिंधु ने गुरुवार को जापान ओपन सुपर 750 में शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन की विश्व नंबर पांच खिलाड़ी हान यू को सीधे सेटों में हराया। इस जीत के साथ ही सिंधु ने महिला सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट सिंधु ने संयमित और आक्रामक खेल दिखाते हुए सिर्फ 35 मिनट में हान यू के खिलाफ 21-16, 21-14 से जीत दर्ज की। इसके साथ ही चीनी शटलर के खिलाफ उनका हेड-टू-हेड रिकॉर्ड अब 8-1 का हो गया है। यह नतीजा इस सीजन में सिंधु के सबसे बेहतरीन प्रदर्शनों में से एक है। पूर्व वर्ल्ड चैंपियन ने शुरुआती चुनौती का सामना करने के बाद पांचवीं सीड खिलाड़ी के खिलाफ मैच पर पूरी तरह से अपना दबदबा बनाए रखा।
पहले गेम की शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। चीन की हान यू ने खेल की रफ्तार पर नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर बाद पीवी सिंधु ने शानदार वापसी की। उन्होंने सटीक शॉट लगाए, बेसलाइन से आक्रामक खेल दिखाया और लंबी रैलियों में बढ़त हासिल कर ली। लगातार अच्छे प्रदर्शन की बदौलत सिंधु ने पहले गेम के आखिरी चरण में बढ़त बनाई और 21-16 से अपने नाम कर लिया।