तमिलनाडु के कोयंबटूर में जारी 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष नेशनल चैंपियनशिप 2026– डिवीजन 'ए' में गुरुवार को 'हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा' और 'हॉकी मध्य प्रदेश' ने अपने-अपने सेमीफाइनल मैच को जीतकर फाइनल में जगह सुनिश्चित की।
दिन के पहले सेमीफाइनल में, 'हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा' ने एक रोमांचक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले में 'हॉकी पंजाब' को 6-4 से मात दी। ओडिशा ने पूरे मैच में आक्रामक खेल दिखाया, जिसमें बिलकन ओरम शानदार हैट्रिक (28', 41' और 52') लगाकर स्टार खिलाड़ी बनकर उभरे। इनके अलावा, ओडिशा के लिए आलोक कुजूर ने 11वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि कप्तान दीपक प्रधान ने 37वें मिनट में एक और गोल जोड़ा। अमित किरो ने 59वें मिनट में गोल करके स्कोरिंग पूरी की।
दूसरी तरफ, हॉकी पंजाब ने कड़ी टक्कर दी। अमनदीप (7' और 42'), मनदीप सिंह (8') और अजयपाल सिंह (34') के गोलों ने मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा। हालांकि, हॉकी पंजाब की भरपूर कोशिशों के बावजूद, ओडिशा ने संयम बनाए रखा और 6-4 से शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया।