16वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला नेशनल चैंपियनशिप 2026 में शनिवार को पुणे में डिवीजन बी और सी में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। हॉकी कर्नाटक, बिहार, मिजोरम, असम, गुजरात और दादरा-नगर हवेली व दमन-दीव की टीमों ने अपने-अपने मैचों में जीत हासिल की।
पूल बी में हॉकी कर्नाटक ने दिन की सबसे बड़ी जीत दर्ज की और हॉकी उत्तराखंड को 6-1 से हराया, जबकि इसी पूल में हॉकी बिहार ने गोअंस हॉकी को 6-0 से करारी शिकस्त दी। डिवीजन बी, पूल ए में हॉकी मिजोरम ने केरल हॉकी को 2-0 से हराया, जबकि असम हॉकी ने हॉकी आंध्र प्रदेश को 2-1 से मात दी। उत्तराखंड के खिलाफ हॉकी कर्नाटक का दबदबा रहा और कप्तान मनीषा पोन्नम्मा सीडी ने हैट्रिक लगाकर टीम की अगुवाई की। उन्होंने 19वें, 42वें और 46वें मिनट में गोल किए।
कर्नाटक के लिए पर्लिन पोन्नम्मा ए.जी (23वें), मेहर कौर मेहता (24वें) और वैष्णवी अरुल (25वें) ने भी गोल किए। हॉकी उत्तराखंड का एकमात्र गोल 29वें मिनट में उपाध्याय कशिश ने किया। हॉकी बिहार ने गोअंस हॉकी पर 6-0 से आसान जीत हासिल की। सिद्धि कुमारी ने 23वें मिनट में खाता खोला और चार मिनट बाद खुशी कुमारी ने बढ़त को दोगुना कर दिया।