चंडीगढ़, हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा, मध्य प्रदेश और मणिपुर ने 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर विमेंस नेशनल चैंपियनशिप 2026 के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। इन टीमों ने मंगलवार को नेहरू नगर-पिंपरी स्थित मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में खेले गए अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल की।
मंगलवार को पूल 'ए' में हॉकी चंडीगढ़ ने हॉकी पंजाब को 3-1 से हराया, जबकि पूल 'बी' में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने हॉकी बंगाल को 6-0 से मात दी। पूल 'सी' में मणिपुर हॉकी ने हॉकी महाराष्ट्र को 3-2 से हराया और पूल 'डी' में हॉकी मध्य प्रदेश ने हॉकी हिमाचल को 6-0 से शिकस्त दी।
हॉकी इंडिया की देखरेख में हॉकी महाराष्ट्र की तरफ से आयोजित इस प्रतियोगिता में मंगलवार को पूल मुकाबलों के आखिरी दिन, डिवीजन ए के पूल 'ए' में हॉकी चंडीगढ़ ने हॉकी पंजाब पर 3-1 से आसान जीत दर्ज की और पूल में अपनी पहली जीत हासिल की। जीतने वाली टीम के लिए दीक्षा (33'), रवीना (34') और प्रिया चौहान (46') ने गोल किए, जबकि हारने वाली टीम के लिए जैस्मीन कौर (40') ने गोल का अंतर कम किया।