16वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला नेशनल चैंपियनशिप 2026 के दूसरे दिन पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक ने जीत दर्ज की, जबकि उत्तराखंड और बिहार के मुकाबले ड्रॉ रहे। पुणे में डिवीजन 'बी' और 'सी' में कड़े मुकाबले देखने को मिले। तीन मैच 'वॉकओवर' (प्रतिद्वंद्वी टीम का न खेलना) से तय हुए।
डिवीजन 'सी' के पूल बी मैच में, पुडुचेरी हॉकी ने जम्मू-कश्मीर हॉकी को 3-1 से शिकस्त दी। पुडुचेरी हॉकी के लिए मंजिंदर ने हैट्रिक (22', 31' और 46') लगाई। जम्मू-कश्मीर हॉकी के लिए देवी सोनाली ने छठे मिनट में एक गोल किया, लेकिन पुडुचेरी हॉकी ने अपनी बढ़त बनाए रखी और तीनों प्वाइंट्स हासिल किए।
डिवीजन 'बी' के पूल ए में, आंध्र प्रदेश हॉकी ने कड़े मुकाबले में दिल्ली हॉकी को 2-1 से शिकस्त दी। आंध्र प्रदेश हॉकी के लिए राजेश्वरी यादव साईं धारणा ने 19वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि अनिखा बेन्नू ने 30वें मिनट में बढ़त को दोगुना कर दिया। दिल्ली हॉकी की ओर से निशा ने 33वें मिनट में गोल किया, लेकिन आंध्र प्रदेश ने अपनी बढ़त बनाए रखी और जीत हासिल की।