Commonwealth Games: ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के 10वें दिन भारतीय मुक्केबाजों का जलवा रहा। इस खेल से देश की झोली में कुल 10 मेडल आए, जिसमें 7 गोल्ड मेडल शामिल रहे। गोल्ड जीतने वाले मुक्केबाज अंकुश पंघाल ने कहा कि उन्होंने फाइनल मैच के दौरान खुद पर विश्वास रखा, जिसका फायदा उन्हें मिला।
अंकुश ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, "गोल्ड मेडल जीतकर बहुत अच्छा लग रहा है, हालांकि पहले बाउट में 0-5 से पीछे हो गया था, तो दबाव आ गया था कि कैसे भी करके बाउट लेनी है। बस खुद के ऊपर विश्वास रखा और सब हो गया। परिवार से बात हुई थी और सभी काफी खुश है। मैं अपना यह मेडल परिवार और अपने कोच को समर्पित करना चाहता हूं। यहां जीतकर आत्मविश्वास काफी बढ़ा है और एशियन गेम्स में और भी अच्छा करूंगा।"
महिला मुक्केबाज लवलीना को फाइनल में हार का सामना करना पड़ा और उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। उन्होंने 'आईएएनएस' को बताया, "थोड़ी निराशा जरूर है। मैंने गोल्ड मेडल जीतने की पूरी कोशिश की, लेकिन मैं सिल्वर मेडल से भी खुश हूं, क्योंकि हमारी टीम ने गेम्स में जबरदस्त प्रदर्शन किया। मुझे अपनी टीम के प्रदर्शन की ज्यादा खुशी है। यह मेरा कॉमनवेल्थ गेम्स का पहला मेडल है, तो इसकी भी मुझे काफी खुशी है। देश के लिए गोल्ड ला पाती तो और अच्छा होता। मैं एशियन गेम्स के लिए तैयारी करूंगी और वहां गोल्ड जीतने का प्रयास करूंगी।" लवलीना ने अपना यह मेडल असम में बाढ़ पीड़ित लोगों को समर्पित किया।