BWF World Championships: भारतीय शटलर उन्नति हुड्डा ने बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में अपना शानदार डेब्यू करते हुए मंगलवार को म्यांमार की थेत हतार थुजार को 22-20, 21-16 से मात दी। इस जीत के बाद उन्नति ने बताया कि थुजार के खिलाफ दूसरे गेम में बड़ी बढ़त बनाने के बाद उन्होंने थोड़ी ढील दे दी थी, जिसके बाद कोच ने उन्हें टोकते हुए मैच खत्म करने पर ध्यान देने को कहा।
दूसरे गेम में अच्छी बढ़त बनाने के बाद, भारतीय खिलाड़ी ने अपने कुछ स्ट्रोक्स के साथ प्रयोग करना शुरू कर दिया। इस वजह से थेत को अंतर कम करने का मौका मिल गया, जिसके बाद उनके कोच ने उन्हें प्रयोग छोड़कर जीत पक्की करने पर ध्यान देने को कहा।
जीत के बाद पत्रकारों से बात करते हुए हुड्डा ने कहा, "ऐसा कुछ खास नहीं, लेकिन इतनी बढ़त होने के कारण मैं बीच-बीच में अपने कुछ स्ट्रोक्स आजमा रही थी, क्योंकि मेरे पास काफी बढ़त थी, इसलिए उन्होंने भी कहा कि तुम अपने कुछ स्ट्रोक्स आजमा सकती हो, लेकिन फिर मैंने कुछ बेवकूफी भरी गलतियां भी कीं, तो उन्होंने सख्ती से कहा कि नहीं, नहीं, बस फोकस करो और खेलो।"