केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और केंद्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री श्री एचडी कुमारस्वामी ने शनिवार को कर्नाटक में स्थित मांड्या में केंद्र सरकार की 'खेलो इंडिया' योजना के तहत 14 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले एक बहुउद्देशीय इनडोर स्टेडियम की नींव रखी।
मांड्या के वीसी फार्म स्थित कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय के परिसर में आयोजित शिलान्यास समारोह में सभा को संबोधित करते हुए, मंत्रियों ने जिले में खेलों के विकास को प्रेरित करने और अधिक से अधिक चैंपियन खिलाड़ियों को उभरने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु 'खेलो इंडिया, वाइब्रेंट मांड्या' का नारा दिया।
दोनों मंत्रियों ने शिलान्यास समारोह के दौरान पारंपरिक अनुष्ठानों में भाग लिया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सीएस पुत्तरजू, मेलुकोटे के विधायक दर्शन पुत्तन्नैया, केआर पेटे के विधायक मंजूनाथ और कई अन्य जन प्रतिनिधि तथा जिला अधिकारी उपस्थित थे।