जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग ने कश्मीर को एक वैश्विक पर्यटन और खेल गंतव्य के रूप में बढ़ावा देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। रविवार को 'कश्मीर मैराथन' के तीसरे संस्करण की सफल शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मैराथन को हरी झंडी दिखाई।
इस मैराथन को दो श्रेणियों में बांटा गया था, जिसमें 42 किलोमीटर की 'फुल मैराथन' और 21 किलोमीटर की 'हाफ मैराथन' शामिल रही। सुबह 6.30 बजे एक समारोह के दौरान मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन की शुरुआत की और देश-विदेश से आए एथलीटों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस साल के आयोजन में 2,000 से अधिक एथलीटों ने हिस्सा लिया, जो कश्मीर मैराथन के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाता है। यह आयोजन एक महत्वपूर्ण खेल मंच के रूप में उभरा है, जो कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता, मेहमाननवाजी और एक अंतरराष्ट्रीय खेल-पर्यटन स्थल के रूप में इसकी संभावनाओं को दर्शाता है।