राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को 'एशियन गेम्स 2026' में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए मेडल जीतने वाले एथलीट्स की सराहना की है। भारत ने कुल 60 मेडल (10 गोल्ड, 21 सिल्वर और 29 ब्रॉन्ज) के साथ मेडल टैली में आठवां स्थान हासिल कर लिया है।
मुक्केबाज प्रिया घांघस ने महिलाओं के 60 किलोग्राम और कपिल पोखरिया पुरुषों के 90 किलोग्राम भारवर्ग में देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीते। राष्ट्रपति ने प्रिया घांघस की तारीफ करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "मैं एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 60 किलोग्राम बॉक्सिंग स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर प्रिया घांघस को बधाई देती हूं। आपकी दृढ़ता और एकाग्रता की वजह से ही आपको यह उपलब्धि मिली है। आप आगे भी ऐसे ही शानदार प्रदर्शन करती रहें।"
कपिल पोखरिया की सराहना करते हुए राष्ट्रपति ने लिखा, "मैं एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की 90 किग्रा बॉक्सिंग स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर कपिल पोखरिया को बधाई देती हूं। आप भविष्य में और भी कई उपलब्धियां हासिल करते रहें।"