दिल्ली हाफ मैराथन में केन्याई धावकों का जलवा, मटाटा और रेंगरुक ने जीते खिताब (Image Source: IANS)
केन्याई धावक एलेक्स न्जिओका मटाटा और लिलियन कासैट रेंगरुक ने रविवार को दिल्ली हाफ मैराथन के 20वें संस्करण में उल्लेखनीय जीत दर्ज की। ऐसा दूसरी बार था, जब इस आयोजन के एक ही संस्करण में केन्याई धावकों ने पुरुष और महिला, दोनों वर्गों में खिताब जीते।
फ्रांसिस किबिवोट और लिनेथ चेपकुरुई ऐसा सम्मान हासिल करने वाले पहले धावक थे। इन धावकों ने साल 2006 में यह कारनामा किया था।
इस साल की शुरुआत में आरएके हाफ-मैराथन में 59:20 के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ जीत हासिल करने वाले केन्याई धावक एलेक्स न्जिओका मटाटा के नाम अब तक 7 बार 60 मिनट से कम समय में दौड़ पूरी करने का रिकॉर्ड दर्ज है। इसमें साल 2024 में दिल्ली में 59:53 का समय भी शामिल है।