खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के तीसरे दिन कर्नाटक ने इंटरनेशनल स्विमिंग पूल में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक संख्या में अपनी बढ़त मजबूत कर ली है। वहीं मेजबान छत्तीसगढ़ के लिए सबसे अच्छा दिन रहा। छत्तीसगढ़ ने एक रजत और दो कांस्य पदक जीता।
तैराक मणिकांत एल. ने एक बार फिर कर्नाटक टीम की अगुवाई की। उन्होंने अपने व्यक्तिगत खाते में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जोड़ा। तीसरे दिन के आखिर में कर्नाटक के खाते में 13 स्वर्ण, 5 रजत और एक कांस्य पदक था। ओडिशा 6 स्वर्ण, 2 रजत और 9 कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान पर है। असम दो स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक के साथ तीसरे स्थान पर है। छत्तीसगढ़ और त्रिपुरा संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर हैं। दोनों के पास छह-छह मेडल हैं, जिनमें तीन रजत और तीन कांस्य हैं।
छत्तीसगढ़ के लिए, अनुष्का भगत ने तीसरा रजत पदक जीता। अनुष्का ने महिलाओं की 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में रजत जीता। निखिल जल्को ने पुरुषों की 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में अपना दूसरा कांस्य पदक जीता, जबकि न्यासा पैकरा 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर पोडियम पर जगह बनाने वाली तीसरी खिलाड़ी बनीं।