खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के चौथे दिन मेजबान छत्तीसगढ़ के स्वर्ण पदक का इंतजार समाप्त हो गया। वेटलिफ्टर निकिता ने शनिवार को अपने राज्य के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता। वहीं तैराकी में ओडिशा की महिला तैराकों का दबदबा रहा। तैराकी के तीनों स्वर्ण पदक ओडिशा की महिला तैराकों ने जीते।
निकिता ने महिलाओं की 77 किग्रा वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में अपना दबदबा बनाते हुए दिन के आखिरी इवेंट में आसानी से स्वर्ण पदक जीत लिया। 20 वर्षीय निकिता ने कुल 160 किग्रा (स्नैच में 70 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 90 किग्रा) भार उठाया। यह ओडिशा की दूसरे स्थान पर रहीं जानी द्वारा उठाए गए भार से 34 किग्रा अधिक था। असम की जॉयश्री पातिर ने कुल 118 किग्रा भार उठाकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
वहीं, ओडिशा ने रितिका मिंज (100 मीटर फ्रीस्टाइल), अंजली मुंडा (50 मीटर बैकस्ट्रोक) और 4x100 मेडले रिले टीम के जरिए स्वर्ण पदक जीते। अंजली ने कुल पांच स्वर्ण पदक जीते, जिनमें से चार व्यक्तिगत स्पर्धाओं में थे।