भारत के उभरते हुए कार्टिंग टैलेंट, कियान शाह ने आईएएमई एशिया सीरीज और आईएएमई थाईलैंड सीरीज के दूसरे राउंड में दो पोडियम फिनिश के साथ अपना सीनियर इंटरनेशनल डेब्यू किया।
मुंबई के 15 वर्षीय रेसर के लिए यह वीकेंड एक मुश्किल दौर के बाद आया था। दिसंबर के आखिर में स्नोबोर्डिंग के दौरान हादसे में उनका हाथ टूट गया था, जिसके चलते करीब दो महीनों तक खेल से दूर रहना पड़ा। सीमित तैयारी के बावजूद, कियान ने जूनियर कैटेगरी से आगे बढ़कर सीनियर कैटेगरी के बेहद कड़े मुकाबले में आत्मविश्वास के साथ कदम रखा, जिसमें एक वर्ल्ड चैंपियन और कई एशियाई और यूरोपीय चैंपियन भी शामिल थे।
कियान ने हीट्स में जबरदस्त रफ्तार दिखाई, लेकिन फाइनल के लिए ग्रिड पर उन्हें 14वां स्थान मिला। उन्होंने पूरे दृढ़ संकल्प के साथ रेस लगाई। धीरे-धीरे अपनी स्थिति में सुधार किया और पांचवें स्थान पर फिनिश किया। हांगकांग के मौजूदा एशियाई चैंपियन यू का पो से सिर्फ 1.6 सेकंड पीछे। इस नतीजे के साथ उन्हें पोडियम पर जगह मिली, क्योंकि इस प्रतियोगिता में शीर्ष पांच खिलाड़ियों को विजेता घोषित किया जाता है।