खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के पहले संस्करण का समापन हो गया। इस प्रतियोगिता में 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 3,800 खिलाड़ियों ने 9 खेलों में हिस्सा लिया। कर्नाटक ने सबसे अधिक 23 गोल्ड मेडल जीते, जबकि ओडिशा ने सर्वाधिक 57 मेडल अपने नाम किए।
आखिरी दिन झारखंड की तीरंदाज कोमलिका बारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की रिकर्व स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता। वहीं, ओडिशा के अर्जुन खारा ने पुरुष वर्ग में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके बावजूद कोई भी टीम कर्नाटक को ओवरऑल चैंपियन बनने से नहीं रोक पाई।
कर्नाटक ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया और 23 गोल्ड, 8 सिल्वर और 7 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर पहला स्थान हासिल किया। ओडिशा 21 गोल्ड, 15 सिल्वर और 21 ब्रॉन्ज मेडल के साथ दूसरे स्थान पर रहा। ओडिशा एकमात्र ऐसी टीम रही, जिसने 50 से अधिक मेडल अपने नाम किए। ओडिशा ने कुल 57 मेडल जीतकर सबसे ज्यादा मेडल हासिल किए। झारखंड 16 गोल्ड, 8 सिल्वर और 11 ब्रॉन्ज मेडल के साथ तीसरे स्थान पर रहा।