झारखंड के शिव कुमार सोरेन और पृथ्वी उरांव ने मंगलवार को जगदलपुर के क्रीड़ा परिसर मैदान में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के पहले संस्करण में सबसे तेज पुरुष और महिला एथलीट का खिताब जीता। इनके अलावा, सिद्धार्थ नागेश ने शॉट पुट में गोल्ड और डिस्कस थ्रो में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। मेजबान छत्तीसगढ़ के तिलक बारसेल ने पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल हासिल किया।
शिव कुमार और पृथ्वी ने अपनी-अपनी 100 मीटर की दौड़ में शुरू से अंत तक बढ़त बनाए रखी और अपने राज्य के लिए दो गोल्ड मेडल जीते। शिव कुमार ने 10.58 सेकंड का समय लिया, जबकि बारसेल ने 10.87 सेकंड में दौड़ पूरी करके सिल्वर मेडल जीता। ओडिशा के आतिश किंडो (10.91 सेकंड) ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।
महिलाओं की 100 मीटर दौड़ के फाइनल में 16 वर्षीय पृथ्वी ने 12.73 सेकंड में दौड़ पूरी करते हुए गोल्ड जीता। नागालैंड की रुडुओल्होनुओ बेल्हो (12.90 सेकंड) और झारखंड की पुतुल बख्शी (13.03 सेकंड) ने क्रमशः सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीते।