24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह (केएसएस) मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश की नूपुर कुमरावत ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल प्रोन आईएसएसएफ इवेंट में टॉप स्थान अपने नाम किया है। वहीं, अक्षधा ऐश्वर्या ने दोहरी सफलता हासिल की।
मध्य प्रदेश स्टेट शूटिंग एकेडमी में जारी चैंपियनशिप में नूपुर ने सोमवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए 624.3 के स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया। आर्मी मार्कसमैनशिप यूनिट की प्रिया (623.9) दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि महाराष्ट्र की भक्ति भास्कर खामकर (622.2) ने तीसरा स्थान हासिल किया।
पंजाब की अंजुम मौदगिल 621.7 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहीं, जबकि गुजरात की लज्जाकुमारी तिलकपुरी गोस्वामी ने 620.0 के स्कोर के साथ पांचवां स्थान हासिल किया। केरल की विदार्सा के. विनोद 619.2 के स्कोर के साथ छठे स्थान पर रहीं। गुजरात की पल्लवी सुथार (618.9) ने सातवां स्थान अपने नाम किया। इनके अलावा, रेलवे की आयुषी पोद्दार (618.3) टॉप-8 में शामिल रहीं।