एन. कुंजरानी देवी का नाम देश की सम्मानित वेटलिफ्टर के रूप में लिया जाता है। देश में वेटलिफ्टिंग को लोकप्रिय बनाने में उनका अहम योगदान रहा है।
1 मार्च 1966 को मणिपुर की राजधानी इम्फाल के कैरांग मायाई लेइकाई में जन्मी कुंजरानी ने 12 साल की उम्र में 1978 में वेटलिफ्टिंग शुरू की थी। सिंदम सिंशांग रेजिडेंट हाई स्कूल और बाद में महाराजा बोध चंद्र कॉलेज से पढ़ाई करते हुए उन्होंने वेटलिफ्टिंग में अपनी विशेषज्ञता बनाई।
उनका नेशनल करियर 1985 में शुरू हुआ, जब उन्होंने 44, 46, और 48 किलोग्राम कैटेगरी में मेडल जीते। 1987 में त्रिवेंद्रम में दो नए नेशनल रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने 46-किलोग्राम कैटेगरी में 1994 में पुणे में गोल्ड मेडल जीता, जबकि 48-किलोग्राम में मणिपुर में सिल्वर मेडल हासिल किया। कुंजरानी ने सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स में शामिल होकर खेलों में और ऊंचाइयां हासिल की। पुलिस चैंपियनशिप में उनका दबदबा रहा और 1996 से 1998 तक वे भारतीय पुलिस टीम की कप्तान भी रहीं।