फीफा विश्व कप 2026 की शुरुआत 11 जून से हो रही है। 2018 की विजेता और 2022 में अर्जेंटीना से फाइनल में हार का सामना करने वाली फ्रांस एक बार फिर से खिताब की दावेदार है। इसकी वजह स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे हैं, जिन्होंने पिछले 2 विश्व कप में यादगार प्रदर्शन किया है और फिलहाल अपने करियर की ऊंचाई पर हैं।
27 साल के किलियन एम्बाप्पे को मौजूदा समय में दुनिया का बेहतरीन स्ट्राइकर माना जाता है। एम्बाप्पे को मेस्सी और रोनाल्डो के बाद फुटबॉल की दुनिया का अगला सबसे बड़ा सुपरस्टार भी माना जाता है। इसकी वजह उनका करिश्माई खेल है, जिसकी बदौलत उन्होंने अंतरराष्ट्रीय और क्लब फुटबॉल में बड़ा नाम बनाया है। एम्बाप्पे को उनकी गति, ड्रिबलिंग और सटीक फिनिशिंग के लिए जाना जाता है। विपक्षी टीम को चिरते हुए गेंद को पूरी गति के साथ आगे लेकर बढ़ने और उसे गोल पोस्ट में डालने की क्षमता किलियन को दूसरे खिलाड़ियों से अलग करती है। इसकी बानगी पूरी दुनिया ने पिछले विश्व कप के फाइनल में देखा था।
2018 में क्रोएशिया को फाइनल में हराकर फ्रांस को फुटबॉल की दुनिया का चैंपियन बनाने में एम्बाप्पे की बड़ी भूमिका रही थी। एम्बाप्पे ने फ्रांस के 4 में से 1 गोल मारा था। 2022 में फ्रांस का फाइनल में अर्जेंटीना के साथ मुकाबला था। एम्बाप्पे ने लगभग अकेले दम फ्रांस को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया था, लेकिन मेसी के जादू की वजह से अर्जेंटीना जीती और फ्रांस को हार का सामना करना पड़ा। निर्धारित समय में मैच 3-3 से बराबर रहा था। फ्रांस की तरफ से सभी तीनों गोल एम्बाप्पे ने किए थे।