स्पेन की बड़ी टीम रियल मैड्रिड रविवार को एफसी बार्सिलोना के खिलाफ 'एल क्लासिको' में अपने स्टार फॉरवर्ड काइलियन एम्बाप्पे के बिना खेलेगी। फ्रांस का यह खिलाड़ी अपने बाएं पैर की मसल इंजरी से अभी पूरी तरह से उबर नहीं सका है।
एम्बाप्पे की गैरमौजूदगी मैड्रिड के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि यह मैच बार्सिलोना को ला लीगा टाइटल दिला सकता है। हैंसी फ्लिक की टीम बार्सिलोना कैंप नोउ में होने वाले इस मुकाबले में अपने पुराने विरोधियों पर 11 पॉइंट की बढ़त के साथ उतरेगी और सीजन में चार मैच बाकी रहते हुए खिताब का बचाव करने के लिए उसे सिर्फ एक ड्रॉ की जरूरत है।
पिछले सीजन एम्बाप्पे का प्रदर्शन बार्सिलोना के खिलाफ हुए 'एल क्लासिको' मुकाबले में शानदार रहा था और उन्होंने तीन गोल दागे थे। हालांकि, रियल मैड्रिड को इसके बावजूद भी हार का सामना करना पड़ा था। एम्बाप्पे शनिवार को वाल्डेबेबास में ट्रेनिंग सेशन पूरा नहीं कर पाए और बाद में रविवार सुबह फाइनल फिटनेस टेस्ट में फेल हो गए।